वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों के लिए अगले 24 घंटे का विशेष अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार क्षेत्र में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की आंधी आने की संभावना है। इसके साथ ही ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। गुरुवार से ही आसमान में बादल छाने लगे हैं और अगले 24 घंटे मौसम की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं।अलर्ट जारी होने के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क कर दिया गया है। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। तेज हवाओं के कारण पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग गिरनेखतरा बना रह सकता है।
प्रशासन ने किसानों को खेतों और खलिहानों में रखी फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है। वहीं वाहन चालकों को भी सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।


