राजस्थान के जैसलमेर जिले में गौ संरक्षण के दावों के बीच एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। नगर परिषद क्षेत्र के कचरा डंपिंग यार्ड में 500 से अधिक गायों के सड़े हुए शव मिलने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं।
यह डंपिंग यार्ड जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर रामगढ़ मार्ग पर स्थित है। रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में बड़ी संख्या में मृत गायों के शव खुले में पड़े दिखाई दिए, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
स्थानीय लोगों और गौ-सेवकों का आरोप है कि लंबे समय से मृत पशुओं के निस्तारण में लापरवाही बरती जा रही थी। बताया जा रहा है कि नगर परिषद ने इस कार्य की जिम्मेदारी एक अधिकृत हड्डी ठेकेदार को दी थी, लेकिन समय पर कार्रवाई न होने के कारण शवों का ढेर लग गया।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना ने एक बार फिर गौ संरक्षण और व्यवस्थओं की हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


