वाराणसी के पिंडरा क्षेत्र के मीराशाह इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10:15 बजे की है। दोनों युवक पैशन बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान मीराशाह के पास तेज गति से आ रहे वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। समाचार लिखे जाने तक दोनों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और वाहन व चालक की तलाश में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।


