समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गाय को राष्ट्र पशु घोषित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सपा नेता जीशान अंसारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पोस्टर और बैनर के साथ प्रदर्शन करते हुए “गौमाता को मान दो, राष्ट्रीय पशु का स्थान दो” जैसे नारे लगाए।मीडिया से बातचीत में जीशान अंसारी ने कहा कि गाय को राजनीति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह देश की आस्था, संस्कृति और वैज्ञानिक महत्व से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में गाय का विशेष स्थान है और उसका दूध व घी स्वास्थ्य की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
जीशान अंसारी ने कहा कि मुस्लिम समाज भी गौ-वध के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि “न देश का मुसलमान गाय काटेगा, न उसका मांस खाएगा और न ही उसका निर्यात करेगा। गौवंश की हत्या पूरी तरह बंद होनी चाहिए।”उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा गाय को राष्ट्र पशु घोषित करने की मांग को लेकर चलाए जा रहे अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी मांग पूरी तरह उचित है।प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन ने उन्हें ज्ञापन सौंपने से रोक दिया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


