घमहापुर हत्याकांड पर सियासत तेज, 7 दिन बाद भी मुख्य आरोपी फरार—नेताओं ने उठाए सवाल

फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव निवासी युवा व्यवसायी मनीष सिंह की निर्मम हत्या के सात दिन बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है, वहीं राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह आज पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं होना चिंताजनक है, जबकि पुलिस अन्य लोगों को पकड़कर अपनी पीठ थपथपा रही है।सांसद ने आरोप लगाया कि आरोपियों को सत्ता से जुड़े कुछ मंत्रियों का संरक्षण मिलने की चर्चा है, ऐसे में निष्पक्ष कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर आरोपी सरेंडर करते हैं तो यह भी जांच का विषय होना चाहिए।

वहीं, करनी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर प्रताप सिंह बीरू भी परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि सात दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी फरार हैं, जो सरकार और प्रशासन की विफलता को दर्शाता है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा।परिजनों ने भी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ा जाएगा।फिलहाल, इस हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है।




Post a Comment

Previous Post Next Post