IPL 2026 के प्लेऑफ चरण का आगाज 26 मई से होने जा रहा है। धर्मशाला में खेले जाने वाले क्वालिफायर-1 मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी, ऐसे में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने के इरादे से मैदान में उतर रही RCB की उम्मीदें एक बार फिर स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पर टिकी होंगी। हालांकि IPL इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल विराट कोहली का प्लेऑफ रिकॉर्ड उतना प्रभावशाली नहीं रहा है, जितना उनका लीग स्टेज प्रदर्शन रहा है।
विराट कोहली ने अपने IPL करियर में अब तक 281 मैचों में 9218 रन बनाए हैं। उनके नाम 9 शतक और 67 अर्धशतक दर्ज हैं। इस दौरान उनका औसत 40.07 और स्ट्राइक रेट 134.39 का रहा है। लंबे इंतजार के बाद 2025 में RCB ने पहली बार IPL ट्रॉफी अपने नाम की थी और अब टीम लगातार दूसरा खिताब जीतने के करीब पहुंच चुकी है। IPL 2026 में विराट कोहली जबरदस्त लय में नजर आए हैं। उन्होंने 14 पारियों में 557 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 50.63 और स्ट्राइक रेट 163.82 का रहा, जो उनके IPL करियर के किसी भी सीजन का सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट है।भले ही विराट कोहली IPL इतिहास के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हों, लेकिन प्लेऑफ मुकाबलों में उनके आंकड़े अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे हैं। कोहली ने अब तक IPL प्लेऑफ में 17 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने सिर्फ 396 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से केवल 2 अर्धशतक निकले हैं, जबकि वह 1 बार शून्य पर भी आउट हुए हैं। प्लेऑफ में उनका औसत 26.40 का रहा है।अब धर्मशाला में गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले क्वालिफायर-1 मुकाबले में विराट कोहली के पास अपने प्लेऑफ रिकॉर्ड को बेहतर बनाने का सुनहरा मौका होगा।
Tags
Trending


