उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। जहां एक ओर लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली, वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं ने कई जगह नुकसान भी पहुंचाया। आंधी की रफ्तार करीब 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई, जिसके चलते कई इलाकों में पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गईं और बिजली व्यवस्था बाधित हो गई।लखनऊ के गोमतीनगर, चिनहट, अर्जुनगंज, इंदिरा नगर, गोमतीनगर विस्तार, अयोध्या रोड और उतरेटिया समेत कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति घंटों प्रभावित रही। कई जगह बिजली के पोल और तारों को नुकसान पहुंचा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ इलाकों में मौसम सामान्य होने के बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी।
गोंडा में तेज आंधी के कारण ट्रांसफार्मर सहित बिजली का पोल गिर गया, जिससे बिजली संकट और बढ़ गया। वहीं सीतापुर में एक दर्दनाक हादसे में तेज हवाओं के कारण दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति समेत चार लोग घायल हो गए।आंधी का असर रेल यातायात पर भी देखने को मिला। ट्रैक पर पेड़ गिरने की वजह से एक मालगाड़ी कई घंटों तक खड़ी रही। मौसम विभाग द्वारा पहले ही मोबाइल अलर्ट जारी किया गया था, जिसके बाद रात करीब 11 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन और बिजली व्यवस्था बहाल करने का कार्य जारी है।


