सिगरा थाना पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में सिगरा थाना क्षेत्र के नगर निगम चौकी अंतर्गत संचालित दो अवैध हुक्का बारों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान हुक्का पीते हुए कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार लोगों में एक हुक्का बार संचालक भी शामिल है, जिसकी पहचान बाबू के रूप में हुई है। पहला हुक्का बार महमूरगंज तिराहा क्षेत्र में जबकि दूसरा क्रिश्चियन कॉलोनी तिराहा के पास संचालित हो रहा था। दूसरे हुक्का बार का संचालक पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि मुख्य मार्ग पर लंबे समय से अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किए जा रहे थे। मामले की जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से हुक्का, चारकोल और नशे में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी चेतगंज शुभम सिंह भी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। पुलिस फरार संचालक की तलाश में दबिश दे रही है।


