स्मार्ट मीटर के विरोध में सपा महिला सभा का एमडी कार्यालय पर प्रदर्शन, सीबीआई जांच की मांग

स्मार्ट मीटर व्यवस्था के खिलाफ समाजवादी पार्टी की महिला सभा ने डीएलडब्ल्यू स्थित एमडी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व कैंट विधानसभा प्रभारी रीबू श्रीवास्तव ने किया।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग पर स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण करने और मनमाने ढंग से कार्यवाही करने का आरोप लगाया। रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा स्मार्ट मीटर खरीद के लिए निर्धारित धनराशि से अधिक खर्च कर प्रदेश सरकार ने लगभग 9 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ जनता पर डाल दिया है। उन्होंने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिना उपभोक्ताओं की सहमति के लाखों स्मार्ट मीटर लगाए गए और पोस्टपेड कनेक्शन को प्रीपेड में बदल दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य राज्यों की तुलना में उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर की लागत अधिक वसूली जा रही है, जो सीधे तौर पर जनता पर बोझ है।प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर को “लूट का माध्यम” बताते हुए इसे तत्काल बंद कर पुरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया और चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।



Post a Comment

Previous Post Next Post