सतना में सनसनी: बंद कमरे में युवक-युवती के शव, मर्डर-सुसाइड की आशंका

मध्य प्रदेश के सतना शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कोलगवां थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर स्थित अशोक विहार कॉलोनी में एक किराए के बंद कमरे से युवक और युवती के शव बरामद हुए। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अनूपपुर निवासी 29 वर्षीय पूनम अहिरवार और रीवा निवासी 30 वर्षीय अंबिकेश गौतम के रूप में हुई है। पूनम देवलोंद (बाणसागर) के एक सरकारी स्कूल में वर्ग-एक की शिक्षिका थीं, जबकि अंबिकेश सतना के सितपुरा स्थित रिलायंस सीएनजी प्लांट में कार्यरत था।


प्रारंभिक जांच में पुलिस को मर्डर-सुसाइड की आशंका है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि अंबिकेश ने पहले किसी धारदार हथियार से पूनम की हत्या की और बाद में खुद फंदे पर लटक गया। कमरे के अंदर पूनम का शव खून से लथपथ हालत में जमीन पर मिला, जबकि अंबिकेश का शव फंदे से लटका हुआ था।हालांकि, इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार मौके से बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामला और रहस्यमय बन गया है। सीएसपी डीपी सिंह चौहान और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम सबूत जुटाए हैं।

जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला सुराग सामने आया है। पूनम के पास से अनूपपुर से इंदौर का कन्फर्म रेल टिकट मिला है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब उसे इंदौर जाना था, तो वह सतना कैसे और क्यों पहुंची? साथ ही दोनों के बीच संबंधों को लेकर भी पुलिस गहराई से जांच कर रही है।पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और अब साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि डिजिटल सबूत ही इस दोहरी मौत के पीछे छिपे सच से पर्दा उठाएंगे।

फिलहाल पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मामले की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post