बनारस रेल इंजन कारखाना के कर्मचारी क्लब में सोमवार से समर कैंप का शुभारंभ हुआ। 25 मई से 20 जून तक चलने वाले इस कैंप का उद्घाटन उपाध्यक्ष एवं सहायक कार्मिक अधिकारी रामप्रवेश यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।ग्रीष्मावकाश के दौरान बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित इस समर कैंप में बरेका कर्मचारियों के 5 से 16 वर्ष तक के बच्चों को नृत्य, संगीत, चित्रकला, क्राफ्ट, योग, कराटे और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह एवं शाम 5 बजे से 8 बजे तक अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा कराया जाएगा।मुख्य अतिथि रामप्रवेश यादव ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ छुट्टियों के सदुपयोग का बेहतर माध्यम बनते हैं।
इस अवसर पर कर्मचारी क्लब के सचिव मदन कुमार ने कहा कि क्लब समय-समय पर रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। समर कैंप का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उनकी छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।वहीं कोषाध्यक्ष सरोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष समर कैंप का आयोजन किया जाता है और वर्षभर कर्मचारियों एवं उनके बच्चों के विकास के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। कर्मचारी परिषद सदस्य सुशील कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम कर्मचारी क्लब के उद्देश्य को सार्थक करते हैं।कार्यक्रम में पीयूष मिंज, क्लब पदाधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अमित कुमार ने किया।


