धर्म नगरी काशी के असि क्षेत्र स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए शुक्रवार को भव्य शिला पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर स्वामी शंकरविजयेंद्र सरस्वती ने अपने कर कमलों से मंदिर पुनर्निर्माण का शिलान्यास किया।कार्यक्रम की शुरुआत मातृशक्ति द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिला पूजन एवं शिलान्यास की प्रक्रिया संपन्न हुई।शिलान्यास के उपरांत जगद्गुरु शंकराचार्य ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। उनके आगमन पर साधु-संतों, विद्वानों और स्थानीय नागरिकों ने भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर काशी विद्वत परिषद के पदाधिकारियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों से चयनित 108 प्रतिभाशाली व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में ट्रस्ट श्री जगन्नाथ जी के सचिव शैलेश त्रिपाठी, न्यासी डॉ. संजीव राय, रवि प्रताप सिंह, उत्कर्ष श्रीवास्तव तथा आयोजन समिति के सर्व व्यवस्था प्रमुख नवीन श्रीवास्तव सहित हरीश वालिया, ज्ञानेश्वर जायसवाल, दिलीप मिश्रा, आनंद भगत आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। ट्रस्ट के अनुसार मंदिर का जीर्णोद्धार काशी की धार्मिक विरासत को और अधिक सुदृढ़ एवं भव्य स्वरूप प्रदान करेगा। सचिव शैलेश त्रिपाठी ने सभी श्रद्धालुओं और काशीवासियों का सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।


