वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने बुद्ध विहार आवासीय कॉलोनी में नियमों के विपरीत संचालित हो रहे होटलों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 13 होटलों को सील कर दिया। इस कार्रवाई से होटल संचालकों में हड़कंप मच गया।वीडीए अधिकारियों के अनुसार कई भवन स्वामियों ने आवासीय उपयोग के लिए मानचित्र स्वीकृत कराकर व्यावसायिक रूप से होटल संचालन शुरू कर दिया था, जबकि कुछ होटल बिना मानचित्र स्वीकृति के ही संचालित किए जा रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि कई होटलों में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं थी, जिससे स्थानीय लोगों को जाम, अवैध पार्किंग, ध्वनि प्रदूषण और सुरक्षा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
कार्रवाई के दौरान होटल किरण पैलेस, होटल एज्योर, होटल फोर लीफ, होटल जेडिक रूट्स, स्टे इन काशवी, ट्रस्ट द्वारा निर्मित नया होटल, होटल रियो बनारस, होटल जियोन इन, होटल पार्क प्लाजा, होटल सिल्क सिटी, होटल हॉलिडे इन, होटल स्कायर इन और कम्फर्ट इन बनारस को सील किया गया।वीडीए ने बताया कि कुछ होटल संचालकों ने सराय एक्ट के तहत फर्जी और कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर लाइसेंस प्राप्त किया था। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2025 के तहत निर्धारित मानकों जैसे पार्किंग, अग्नि सुरक्षा, सड़क चौड़ाई और भू-उपयोग की शर्तें पूरी करने के बाद ही आवासीय क्षेत्रों में होटल संचालन की अनुमति दी जा सकती है।प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि किसी भी निर्माण या व्यावसायिक गतिविधि से पहले आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें, अन्यथा नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

