वाराणसी। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें उद्योग व व्यापार से जोड़ने के उद्देश्य से विश्व हिंदू महासंघ मातृशक्ति प्रकोष्ठ, वाराणसी का गठन किया गया। इस मौके पर चेतमणि स्थित अम्मा कैफे में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के दौरान संगठन में अहम जिम्मेदारियों का वितरण किया गया। पूर्व मंडल अध्यक्ष शकुंतला प्रजापति को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया, जिस पर उपस्थित लोगों ने खुशी जाहिर की। इसी क्रम में उन्होंने मंडल अध्यक्ष का दायित्व लखी गुप्ता को सौंपा।
नई जिम्मेदारी संभालने के बाद लखी गुप्ता ने जिला एवं महानगर इकाई का गठन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मातृशक्ति समाज की सबसे बड़ी ताकत है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर ही समाज व राष्ट्र को सशक्त किया जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन महिलाओं को रोजगार, व्यापार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार कार्य करेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में काशी प्रांत के मंडल प्रभारी वीरेंद्र कुमार मालू और विशिष्ट अतिथि के रूप में गौरक्षा प्रकोष्ठ काशी प्रांत के मिथुन चंद्रे डे 'दादा' मौजूद रहे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियां ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेश पांडे, गौरक्षा प्रकोष्ठ महानगर अध्यक्ष आकाश साहनी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन लखी गुप्ता के नेतृत्व में किया गया।


