संकट मोचन चौकी के पास ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाला युवक गिरफ्तार, एसओजी की कार्रवाई

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत संकट मोचन चौकी के समीप स्थित एक पान की दुकान पर ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित किए जाने की सूचना पर एसओजी टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनित तिवारी उर्फ बच्चा तिवारी के रूप में हुई है।पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी काफी समय से मोबाइल फोन के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन सट्टा खिलाने का कार्य कर रहा था। इस संबंध में एसओजी को लगातार शिकायतें और सूचनाएं मिल रही थीं।

सूचना के आधार पर टीम ने निगरानी बढ़ाई और छापेमारी कर आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया।बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान पुलिस को मोबाइल फोन सहित सट्टेबाजी से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य भी मिले हैं। बरामद सामग्री की जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से बरामदगी को लेकर आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि एसओजी टीम द्वारा एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

उससे पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।एसओजी की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार इलाके में लंबे समय से ऑनलाइन सट्टेबाजी की गतिविधियों की चर्चा थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा इसका संचालन किस स्तर तक किया जा रहा था। 



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post