बीएचयू में जुटेंगे देश-विदेश के 1200 वैज्ञानिक, विज्ञान भारती का 7वां राष्ट्रीय अधिवेशन 13-14 जून को

भारत के अग्रणी विज्ञान संगठन विज्ञान भारती का 7वां राष्ट्रीय अधिवेशन 13 एवं 14 जून को काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित होगा। दो दिवसीय इस आयोजन में भारत और विदेशों से लगभग 1200 वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद्, नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य समसामयिक वैज्ञानिक एवं सामाजिक चुनौतियों पर विमर्श करते हुए वैज्ञानिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना है। इस दौरान “वन हेल्थ”, “विकसित भारत हेतु नेट ज़ीरो” तथा “कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं नैतिकता” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

13 जून को आयोजित उद्घाटन सत्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। विज्ञान भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं इंडियन नेशनल साइंस एकेडमी के अध्यक्ष डॉ. शेखर सी. मांडे भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।अधिवेशन में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के अध्यक्ष डॉ. बी. एन. गंगाधर “वन हेल्थ” विषयक सत्र का नेतृत्व करेंगे, जबकि मध्य प्रदेश शासन के ऊर्जा एवं नवीन तथा नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव मनु श्रीवास्तव “विकसित भारत हेतु नेट ज़ीरो” विषय पर चर्चा का नेतृत्व करेंगे।दूसरे दिन “कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं नैतिकता” विषयक विशेष सत्र का नेतृत्व भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के पूर्व सचिव एवं पद्मश्री सम्मानित प्रो. आशुतोष शर्मा करेंगे। इस सत्र में समाजहित में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सुरक्षित, जिम्मेदार और नैतिक उपयोग पर व्यापक विचार-विमर्श होगा।अधिवेशन के दौरान प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. राजीव कुमार का सार्वजनिक व्याख्यान भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल विशेष उद्बोधन देंगे, जबकि अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर विशेष व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे।




Post a Comment

Previous Post Next Post