दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत गुरुवार को प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम ने क्षेत्र में ध्वस्तीकरण अभियान जारी रखा। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट, एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी तथा अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में पैरामिलिट्री फोर्स, ड्रोन कैमरे और पोकलेन मशीनों की मदद से कार्रवाई की गई।अधिकारियों के अनुसार गुरुवार को 19 भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। इनमें से 6 भवनों को भवन स्वामी स्वयं हटवा रहे हैं, जबकि शेष भवनों को पीडब्ल्यूडी की ओर से तोड़ा जा रहा है। अब तक चौड़ीकरण अभियान के तहत लगभग 120 भवनों का ध्वस्तीकरण किया जा चुका है।
प्रशासन ने बताया कि मार्ग में आने वाले 6 धार्मिक स्थलों को लेकर संबंधित पक्षों से बातचीत जारी है और समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी धार्मिक स्थल को पूरी तरह हटाने की योजना नहीं है।अभियान के दौरान एक भवन पर पोकलेन मशीन से ध्वस्तीकरण किए जाने का कुछ महिलाओं ने विरोध किया। उनका कहना था कि भारी मशीन के प्रयोग से पूरा मकान हिल रहा है, जिससे आसपास के भवनों की सुरक्षा को लेकर चिंता उत्पन्न हो रही है। हालांकि प्रशासन की निगरानी में ध्वस्तीकरण कार्य जारी रहा।


