मंडुवाडीह थाना पुलिस ने घर का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी करने की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के सोने के आभूषण, आधार कार्ड और बैंक पासबुक बरामद की है।पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उसके बंद मकान का ताला तोड़कर बेटी की शादी के लिए रखे गए गहने और नकदी चोरी कर ली थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र के पास से प्रियांशु सोनकर उर्फ बाबू सोनकर (22 वर्ष) निवासी भगवानपुर और सचिन राउत (27 वर्ष) निवासी नगवा को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात के समय बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। मड़ौली नई बस्ती स्थित बंद मकान में चोरी की घटना भी उन्होंने ही की थी। चोरी के गहनों को बेचने की तैयारी के दौरान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।पुलिस ने आरोपियों के पास से दो सोने की चेन, दो अंगूठी, दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी झाला, तीन जोड़ी कान की बाली, तीन नथिया और चार नाक की पिन समेत कुल 37.350 ग्राम पीली धातु के आभूषण बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ वाराणसी के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।


