4399 दिन, एक नया इतिहास: मोदी ने तोड़ा नेहरू का रिकॉर्ड, NDA बैठक में होगा भव्य सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून को भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया। मोदी लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के आज 4399 दिन पूरे हो गए। इसके साथ ही उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। नेहरू 1952 के पहले आम चुनाव के बाद लगातार 4398 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहे थे। अब यह रिकॉर्ड प्रधानमंत्री मोदी के नाम दर्ज हो गया है।

प्रधानमंत्री मोदी की इस उपलब्धि पर केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में विशेष रूप से उनका स्वागत किया गया। दोपहर 12:30 बजे आयोजित कैबिनेट बैठक में सभी मंत्रियों ने खड़े होकर तालियां बजाईं और उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर एक विशेष प्रस्ताव भी पारित किया गया। वहीं, भारत मंडपम में आयोजित होने वाली एनडीए की बैठक में भी प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में विशेष प्रस्ताव पेश किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन यह प्रस्ताव रखेंगे, जबकि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू इसका समर्थन करेंगे। बैठक में भाजपा और एनडीए शासित 22 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

गौरतलब है कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद 15 अगस्त 1947 को जवाहरलाल नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री बने थे। वे 15 अगस्त 1947 से 13 मई 1952 तक नियुक्त प्रधानमंत्री रहे। इसके बाद 1952 में हुए पहले आम चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद उन्हें संसदीय दल का नेता चुना गया और वे 27 मई 1964 तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में पद पर बने रहे। अब 4399 दिनों के कार्यकाल के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का नया कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post