मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर शुक्रवार को कबीरचौरा स्थित राजकीय महिला जिला चिकित्सालय (एमसीएच विंग) में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन एवं हिंदू युवा वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में कुल 440 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर आयोजित यह सेवा कार्य समाज में समर्पण और जनकल्याण की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील भी की।विशिष्ट अतिथि पातालपुरी मठ के महंत बालकनाथ जी महाराज ने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। रक्तदान ऐसा पुण्य कार्य है जिससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है।
कार्यक्रम के संयोजक हिंदू युवा वाहिनी वाराणसी मंडल प्रभारी एवं वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अम्बरीश सिंह भोला ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजहित के ऐसे आयोजन भविष्य में भी जारी रहेंगे।इस दौरान रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में हिंदू युवा वाहिनी के जिला संयोजक सुनील सिंह, जिला अध्यक्ष आशुतोष सिंह, महानगर प्रभारी मनीष मिश्रा, महानगर संयोजक सुनील कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष अजय सिंह, महानगर उपाध्यक्ष सन्नी गुप्ता, रुद्र पांडे, ओमप्रकाश जायसवाल, मीडिया प्रभारी अश्वनी गुप्ता, संगठन मंत्री नीतीश सिंह (रौनक), मंत्री मनीष वर्मा, दिनेश अग्रहरि, विकास जैन, लहुराबीर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश कन्नौजिया सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों एवं 12 मंडल इकाइयों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


