उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिवस के अवसर पर काशी में सेवा और समर्पण का विशेष अभियान चलाया जाएगा। त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन एवं हिन्दू वाहिनी, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में 5 जून को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 500 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए संगठन के पदाधिकारी कबीरचौरा स्थित एमसीएच विंग पहुंचे। इस दौरान अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों के साथ बैठक कर रक्तदान शिविर की व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य जांच, पंजीकरण एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
मीडिया से बातचीत में आयोजकों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिवस प्रतिवर्ष सेवा कार्यों के माध्यम से मनाया जाता है और इस वर्ष भी इसी परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने का प्रयास किया जाएगा।हिन्दू वाहिनी के पदाधिकारी अम्बरीश सिंह भोला ने बताया कि इस वर्ष 500 यूनिट से अधिक रक्तदान कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में भी युवाओं और आमजन का भरपूर सहयोग मिला था तथा इस बार भी कार्यकर्ताओं और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए कबीरचौरा अस्पताल प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा रक्तदान करने आने वाले लोगों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।इस अवसर पर अजय सिंह, रुद्र पांडेय, बिक्की गुप्ता, दिनेश अग्रहरि, संतोष खरवार, बिजय यादव सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।


