गंगा तट स्थित राणा महल घाट पर स्टार स्विमिंग क्लब द्वारा पिछले लगभग 40 वर्षों से तैराकी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। क्लब के वरिष्ठ सदस्य शंकर सेन (दादा) ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़ी संख्या में लोग तैराकी सीखने के लिए प्रशिक्षण ले रहे हैं।उन्होंने बताया कि प्रशिक्षुओं को तीन अलग-अलग शिफ्टों में तैराकी का प्रशिक्षण दिया जाता है। वर्तमान में 100 से अधिक लोग क्लब में तैराकी सीख रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा और तकनीकी पहलुओं का विशेष ध्यान रखा जाता है, जिससे नए तैराक आत्मविश्वास के साथ जलक्रीड़ा सीख सकें।
क्लब की ओर से 20 एवं 21 जून को तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।प्रशिक्षण कार्य में सुरेंद्र सेठ, विकास कसेरा सहित अन्य प्रशिक्षक सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि तैराकी न केवल एक खेल है, बल्कि जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण कौशल भी है, जिसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।


