वाराणसी। अभिनेता लक्ष्य अपनी आगामी फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ की रिलीज से पहले मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गंगा तट पर पहुंचकर मां गंगा का पूजन-अर्चन किया और फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा।लक्ष्य ने काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि वाराणसी आकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने कहा कि काशी की ऊर्जा और यहां का वातावरण अद्भुत है, जो मन को शांति और सकारात्मकता प्रदान करता है।
अभिनेता ने गंगा आरती में भी हिस्सा लिया और श्रद्धालुओं के साथ कुछ समय बिताया। उन्होंने बताया कि फिल्म की रिलीज से पहले मां गंगा का आशीर्वाद लेना उनके लिए विशेष महत्व रखता है।फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म को लेकर लक्ष्य ने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि पूरी टीम ने इस परियोजना पर मेहनत की है और उन्हें दर्शकों से अच्छे प्रतिसाद की उम्मीद है।उनके वाराणसी दौरे के दौरान प्रशंसकों में भी उत्साह देखने को मिला। कई लोगों ने अभिनेता के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उन्हें फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।


