वाराणसी में अधिवक्ता पर जानलेवा हमला, वकीलों ने लंका थाने का घेराव किया

वाराणसी, 2 जून। वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक अधिवक्ता पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने के बाद अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में वकील लंका थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता सुरेंद्र यादव ने आरोप लगाया है कि उनकी जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से गिरधारी सिंह पटेल अपने सहयोगियों के साथ पहुंचे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और आरोपियों की ओर से कथित रूप से फायरिंग की गई। सुरेंद्र यादव ने बताया कि उन्होंने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।

प्लॉट के रास्ते को लेकर हुआ विवाद

सुरेंद्र कुमार यादव द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3:20 बजे वह अपने मित्र शैलेंद्र कुमार राय के साथ काशीपुत्र कॉलोनी स्थित अपने प्लॉट पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने देखा कि प्लॉट तक जाने वाले रास्ते को ईंटों की दीवार बनाकर अवरुद्ध कर दिया गया है। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।


फायरिंग और मारपीट का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने रास्ता खोलने का प्रयास किया तो दो आरोपियों ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले से रंगदारी की मांग कर रहे थे। घटना के दौरान उनके और उनके मित्र के साथ मारपीट की गई, जिससे दोनों को चोटें आईं।तहरीर में कहा गया है कि मौके पर मौजूद लोगों की सहायता से एक आरोपी को हथियार सहित पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।

दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

घटना के बाद अधिवक्ताओं ने लंका थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि पुलिस ने केवल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे आरोपी की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। वकीलों ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एक आरोपी पुलिस हिरासत में है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post