भाजपा की 'आक्रोश सभा' पर अजय राय का पलटवार, बोले- "हिम्मत है तो मुकदमा दर्ज कर जेल भेजिए"

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली गई 'आक्रोश सभा' को राजनीतिक नौटंकी बताते हुए कहा कि वह किसी भी दबाव या विरोध से डरने वाले नहीं हैं।अजय राय ने कहा कि एक समय वह भाजपा में थे और सरकार में मंत्री पद पर भी रहे, लेकिन उस समय उन्हें अपराधी नहीं माना जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष में आने के बाद उन्हें गलत तरीके से निशाना बनाया जा रहा है।उन्होंने कहा, "अगर मैंने कोई अपराध किया है तो सरकार सीधे मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए और मुझे जेल भेजे। प्रदेश और केंद्र दोनों जगह आपकी सरकार है, फिर विरोध प्रदर्शन की जरूरत क्यों पड़ रही है।"

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि वह लोकतांत्रिक तरीके से अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखेंगे और जनता के मुद्दों को उठाते रहेंगे।प्रेस वार्ता के दौरान अजय राय ने हाल ही में दिल्ली के एक अस्पताल में हुए अग्निकांड पर भी दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस घटना को सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार के कारण सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।गौरतलब है कि प्रधानमंत्री को लेकर अजय राय की एक टिप्पणी को लेकर हाल के दिनों में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने वाराणसी में 'आक्रोश सभा' आयोजित कर कांग्रेस नेता के खिलाफ प्रदर्शन किया था। राजनीतिक जानकार अजय राय की इस प्रेस वार्ता को भाजपा के विरोध प्रदर्शन के जवाब के रूप में देख रहे हैं।




Post a Comment

Previous Post Next Post