उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एक ऑटो चालक को नशीला पदार्थ सुंघाकर लूटने का मामला सामने आया है। बदमाश चालक को बेहोश कर उसकी नकदी, मोबाइल फोन और ऑटो रिक्शा लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।बाराबंकी जिले के भिलवल गांव निवासी प्रदीप सिंह वर्तमान में गोसाईंगंज के शेखनापुर में रहकर ऑटो चलाते हैं। पत्नी के निधन के बाद वह अकेले अपने छह वर्षीय बेटे और आठ वर्षीय बेटी की परवरिश कर रहे हैं। गुरुवार रात करीब नौ बजे फव्वारा चौराहे से तीन अज्ञात युवक उनके ऑटो में तुलसियानी जाने के लिए सवार हुए।
रास्ते में बदमाशों ने प्रदीप को कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गए। शुक्रवार सुबह उन्हें तुलसियानी के पीछे पानी की टंकी के पास बेसुध हालत में पाया गया। होश आने पर उन्होंने देखा कि उनका ऑटो, मोबाइल फोन और 72,800 रुपये नकद गायब थे।
प्रदीप ने बताया कि लूटी गई रकम उन्होंने मकान निर्माण के लिए गेहूं बेचकर जुटाई थी। इस वारदात से उनकी वर्षों की बचत के साथ-साथ रोजी-रोटी का साधन भी छिन गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस तीनों आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।


