भारत में बच्चों के बीच बेहद लोकप्रिय कार्टून Doraemon अब बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार है। मेकर्स ने डोरेमोन द मूवी: न्यू नोबिता एंड द कास्ल ऑफ द अंडरसी डेविल की भारतीय रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 2 अक्टूबर को देशभर के सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी।फिल्म में नोबिता, डोरेमोन और उनके दोस्त समुद्र की गहराइयों में छिपे रहस्यों की खोज पर निकलेंगे। कहानी दोस्ती, साहस और रोमांच से भरपूर होगी, जो खासतौर पर बच्चों और परिवारों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। भारत में पहली बार डोरेमोन की किसी फिल्म को इतने बड़े स्तर पर रिलीज किया जा रहा है।
फिल्म की रिलीज से पहले फैंस को इसकी खास झलक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में 20 और 21 जून को आयोजित पॉप कल्चर फेस्टिवल CORE में देखने को मिलेगी। यहां डोरेमोन से जुड़ी विशेष गतिविधियां और आकर्षण भी तैयार किए गए हैं।
दिलचस्प बात यह है कि 2 अक्टूबर को ही अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म दृश्यम 3 के रिलीज होने की भी संभावना जताई जा रही है। यदि दोनों फिल्में एक ही दिन रिलीज होती हैं, तो बॉक्स ऑफिस पर बच्चों की पसंदीदा एनिमेटेड फिल्म और सस्पेंस-थ्रिलर फ्रेंचाइजी के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। दर्शकों की नजर अब आधिकारिक घोषणा और इस संभावित क्लैश पर टिकी हुई है।


