यूपी के फिरोजाबाद जिले में बैंक ऑफ इंडिया की भारौल शाखा से ग्राहकों द्वारा गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखे गए सोने के 96 पैकेट गायब होने का मामला सामने आया है। जांच के दौरान गोल्ड सेफ में रखे पैकेट नहीं मिले, जिससे बैंक प्रशासन में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि गायब सोने की कीमत करोड़ों रुपये हो सकती है, हालांकि बैंक ने अभी तक कुल वजन और कीमत का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।
मामला तब सामने आया जब बैंक का एक अधिकारी कई दिनों से ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहा था और उसके पास गोल्ड सेफ की चाबी थी। इसके बाद आगरा जोनल कार्यालय की जांच टीम ने डुप्लीकेट चाबी से सेफ खोलकर जांच की, जिसमें 96 पैकेट गायब पाए गए।
बैंक की शिकायत पर शाखा प्रबंधक संदीप यादव, क्रेडिट अधिकारी दिलीप कुमार और स्टाफ अधिकारी नरेश कुमार के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि बैंक ऑफ इंडिया ने भी आंतरिक जांच शुरू कर दी है। बैंक का कहना है कि ग्राहक हितों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


