भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 4399 दिन प्रधानमंत्री पद पर रहने के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में उन्होंने सहभागिता की।प्रदेश अध्यक्ष ने अपने दौरे की शुरुआत काशी के एक अनाथालय से की, जहां उन्होंने बच्चों को फल एवं उपहार वितरित किए। इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके बाद वह काशी विश्वनाथ मंदिर में आयोजित दीपदान कार्यक्रम में भी शामिल हुए।मीडिया से बातचीत में पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के मंत्र के साथ समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लगातार बढ़ी है और उनके नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है। पंकज चौधरी ने दावा किया कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और केंद्र सरकार की नीतियों का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न सेवा एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों का भी आयोजन किया।


