TMC में टूट का तूफान: 20 सांसद और 58 विधायक अलग गुट में

पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस के भीतर बढ़ता असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पार्टी के विधायक और सांसद लगातार उनका साथ छोड़ रहे हैं। इसी बीच, उनके करीबी सांसद कल्याण बनर्जी की नाराजगी ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है। कल्याण बनर्जी ने गुरुवार को पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि ममता बनर्जी को तय करना होगा कि वे उनके साथ हैं या अभिषेक बनर्जी के साथ। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी वरिष्ठ नेताओं का सम्मान नहीं करते और उनका अहंकारी रवैया पार्टी को नुकसान पहुंचा रहा है। बताया जा रहा है कि कल्याण बनर्जी की नाराजगी की वजह टीएमसी से जुड़े एक फर्जी हस्ताक्षर मामले में वकीलों को बदला जाना है।

उन्होंने कहा कि उन्हें आधी रात को सूचना दी गई कि इस मामले में वकीलों की टीम बदल दी गई है, जिसमें उनका नाम भी शामिल था। उन्होंने इसे अपना अपमान बताया। उधर, टीएमसी के राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक ने भी अपने पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। पिछले चार दिनों में यह तीसरा राज्यसभा इस्तीफा है। इससे पहले 10 जून को सुष्मिता देव और 8 जून को सुखेंदु शेखर ने भी पार्टी छोड़ दी थी। पार्टी में टूट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोकसभा में टीएमसी के 28 सांसदों में से 20 सांसद अलग हो चुके हैं। वहीं राज्यसभा के 13 सांसदों में से 3 सांसद पार्टी का साथ छोड़ चुके हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के 80 विधायकों में से 58 विधायक भी अलग गुट बना चुके हैं। 

इस्तीफे के बाद प्रकाश चिक बड़ाईक ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया था और उनके अपने चुनाव क्षेत्र में भी पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी। उन्होंने कहा कि ऐसे जनादेश के बाद उनके लिए पद पर बने रहना उचित नहीं था, इसलिए उन्होंने इस्तीफा देने का फैसला किया। वहीं, कल्याण बनर्जी के बेटे शिरसान्य बंदोपाध्याय ने भी अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे किसी पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं और पार्टी के भीतर एक नई लाइन तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं। टीएमसी में बढ़ती यह अंदरूनी कलह आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल की राजनीति को किस दिशा में ले जाएगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post