Gold Crash: 11 दिन में ₹11 हजार लुढ़का सोना, चांदी ने दिखी तेजी

सर्राफा बाजार में आज सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जबकि चांदी के दाम में मामूली बढ़त देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने के 10 ग्राम का भाव 1,562 रुपए घटकर 1.45 लाख रुपए पर पहुंच गया है। बीते 11 दिनों में सोने की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिली है। 31 मई को 10 ग्राम सोने का भाव 1.56 लाख रुपए था, जो अब घटकर 1.45 लाख रुपए रह गया है। इस तरह सोना मात्र 11 दिनों में करीब 11 हजार रुपए सस्ता हो चुका है। वहीं चांदी की कीमत में आज 257 रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही 1 किलो चांदी का भाव बढ़कर 2.33 लाख रुपए हो गया है।

इस वर्ष सोने और चांदी दोनों की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 31 दिसंबर 2025 को सोने का भाव 1.33 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, इसके बाद कीमतों में गिरावट का दौर शुरू हुआ और अब सोना अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 31 हजार रुपए नीचे आ चुका है। चांदी की बात करें तो 31 दिसंबर 2025 को इसका भाव 2.30 लाख रुपए प्रति किलो था। 

29 जनवरी को चांदी ने 3.86 लाख रुपए प्रति किलो का ऑलटाइम हाई बनाया था। इसके बाद बाजार में आई नरमी के चलते चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई और पिछले 133 दिनों में यह करीब 1.52 लाख रुपए सस्ती हो गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, डॉलर की चाल और निवेशकों की बदलती रणनीतियों के कारण कीमती धातुओं के दाम में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। बाजार की नजर अब आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय संकेतों और निवेश मांग पर टिकी हुई है।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post