बुंदेलखंड के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात मिलने जा रही है। अब जिले के उभरते धावकों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण सुविधा अपने ही क्षेत्र में मिलेगी। शासन ने जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में 11.90 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सिंथेटिक रनिंग ट्रैक के निर्माण को मंजूरी दे दी है। निर्माण के बाद खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यह सुविधा स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराएगी।
प्रस्तावित ट्रैक 400 मीटर लंबा और आठ लेन वाला होगा, जिसे अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। ट्रैक की रबरयुक्त कुशनिंग सतह खिलाड़ियों के घुटनों और जोड़ों पर दबाव कम करेगी, जिससे एंकिल ट्विस्ट और शिन स्प्लिंट जैसी चोटों की आशंका घटेगी। साथ ही यह ऑल वेदर ट्रैक होगा, जिससे बारिश या प्रतिकूल मौसम में भी अभ्यास जारी रखा जा सकेगा।
अब तक जिले के अधिकांश खिलाड़ी मिट्टी या सामान्य ट्रैक पर अभ्यास करने को मजबूर थे। आधुनिक सिंथेटिक ट्रैक उपलब्ध होने से उनकी टाइमिंग, तकनीक और प्रदर्शन में सुधार होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को भी पेशेवर स्तर की सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में खेल को नई गति मिलेगी।
.jpeg)

