मीट-मांस दुकानों के मुद्दे पर कांग्रेस का पलटवार, महापौर से प्रस्ताव सार्वजनिक करने की मांग

मीट-मांस की दुकानों को शहर से बाहर स्थानांतरित किए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस पार्षद दल ने महापौर अशोक तिवारी के बयान पर कड़ा विरोध जताया है। मैदागिन स्थित राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्षद दल ने ऐसा कोई प्रस्ताव कभी नहीं दिया और इस संबंध में फैलाया जा रहा प्रचार पूरी तरह भ्रामक है।कांग्रेस पार्षद दल के नेता गुलशन अंसारी ने कहा कि यदि महापौर यह दावा कर रहे हैं कि कांग्रेस ने ऐसा प्रस्ताव दिया था, तो उसे सार्वजनिक करें और बताएं कि यह प्रस्ताव कब और किस बैठक में रखा गया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कोई प्रस्ताव मौजूद नहीं है तो महापौर को काशी की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

गुलशन अंसारी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने केवल सावन और नवरात्र जैसे विशेष धार्मिक अवसरों पर श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए कुछ दिनों के लिए मीट-मांस की दुकानें बंद रखने का सुझाव दिया था। इसे पूरे शहर से दुकानों को हटाने के प्रस्ताव के रूप में प्रस्तुत करना गलत और भ्रामक है।महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम सफाई, जलनिकासी, जलभराव और अन्य मूलभूत सुविधाओं के मुद्दों पर विफल रहा है। इन समस्याओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा नए विवाद खड़े कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पार्टी और पार्षद दल के खिलाफ झूठा प्रचार जारी रहा तो कांग्रेस व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर जनता के बीच सच्चाई पहुंचाएगी और नगर निगम की विफलताओं को उजागर करेगी।पत्रकार वार्ता में कई कांग्रेस पार्षद और पदाधिकारी मौजूद रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post