दालमंडी मॉडल सड़क परियोजना को लेकर ध्वस्तीकरण अभियान ने गति पकड़ ली है। पुराने भवनों को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने क्षेत्र में पोकलेन मशीन तैनात कर दी है, जिसके माध्यम से ध्वस्तीकरण और मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। विभाग ने 16 भवन स्वामियों को 11 जून तक अपने भवन खाली करने का निर्देश भी दिया है।सोमवार शाम पोकलेन मशीन दालमंडी क्षेत्र में पहुंची और मंगलवार सुबह से ध्वस्तीकरण कार्य शुरू कर दिया गया। मशीन की सहायता से चिन्हित भवनों को हटाकर भूमि को समतल करने की कार्रवाई की जा रही है।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह के अनुसार, रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण होने तथा संबंधित विभागों द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के आधार पर 16 भवनों की मुनादी कराई गई है। भवन स्वामियों को पूर्व में नोटिस भी जारी किया जा चुका है। विभाग ने 11 जून को इन भवनों पर व्यापक ध्वस्तीकरण कार्रवाई की तैयारी की है।दालमंडी मॉडल सड़क परियोजना के लिए कुल 187 संपत्तियां चिन्हित की गई हैं, जिनमें 181 भवन तथा 6 धार्मिक स्थल शामिल हैं। 29 अक्टूबर 2025 से चल रहे अभियान के तहत अब तक 70 भवन हटाए जा चुके हैं, जबकि शेष संपत्तियों पर कार्रवाई जारी है।विभागीय अधिकारियों का कहना है कि परियोजना के लिए आवश्यक भूमि जल्द खाली कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।


