लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर सफाई व्यवस्था की खराब स्थिति और अन्य अव्यवस्थाएं डीआरएम सुनील कुमार वर्मा के निरीक्षण के दौरान सामने आईं। प्लेटफॉर्मों पर गंदगी फैली मिली, नालियां जाम और बदबूदार थीं, जबकि कूड़ा भी समय पर नहीं उठाया जा रहा था। निरीक्षण के बाद डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या 4 और 5 पर चल रहे निर्माण कार्यों, पार्सल घर, गार्ड लॉबी और पावर केबिन का जायजा लिया। गार्ड लॉबी में ट्रेन संचालन से जुड़े उपकरणों और रिकॉर्ड की जांच की गई, जबकि पावर केबिन में रेल संचालन प्रणाली और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की गई।
डीआरएम ने स्टेशन की सेकेंड एंट्री पर स्थित रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया, जहां लोको पायलटों, गार्डों और टीटीई ने खराब सुविधाओं की शिकायत की। कर्मचारियों ने बताया कि रनिंग रूम की स्थिति संतोषजनक नहीं है, शौचालय खराब हैं और खानपान की सुविधाएं भी कमजोर हैं। डीआरएम ने विश्राम कक्ष, शौचालय, किचन और कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था का निरीक्षण कर यात्री एवं कर्मचारियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पार्सल बुकिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया।


