भारतीय क्रिकेट टीम ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हरा दिया। न्यू चंडीगढ़ में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने तीसरे ही दिन मैच अपने नाम कर लिया। भारत ने अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की थी। इसके जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी 152 रन पर सिमट गई। इसके बाद फॉलोऑन खेलने उतरी अफगानिस्तान की टीम दूसरी पारी में भी संघर्ष करती नजर आई और 112 रन पर ऑलआउट हो गई।
अफगानिस्तान की दूसरी पारी में भारत की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने 4 विकेट और कुलदीप यादव ने 3 विकेट झटके। वहीं, डेब्यू मैच खेल रहे मानव सुथर और मोहम्मद सिराज को 1-1 सफलता मिली। मानव सुथार ने पहली पारी में 6 विकेट हासिल किए थे। इस तरह उन्होंने मैच में कुल 7 विकेट अपने नाम किए। इस जीत के साथ भारत ने 2018 में वेस्ट इंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ राजकोट टेस्ट में मिली पारी और 272 रन की जीत का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। पारी और 300 रन की यह जीत भारतीय टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत बन गई है।
इसके अलावा भारतीय टीम ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी 186वीं जीत दर्ज की। भारत ने 599 टेस्ट मैचों में यह उपलब्धि हासिल करते हुए सबसे ज्यादा टेस्ट जीत के मामले में वेस्टइंडीज को पीछे छोड़ दिया। वेस्टइंडीज के नाम 592 मैचों में 185 जीत दर्ज हैं। इस सूची में ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम, इंग्लैंड की क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम भारत से आगे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 882 मैचों में 426, इंग्लैंड ने 1095 मैचों में 405 और दक्षिण अफ्रीका ने 479 टेस्ट में 191 जीत दर्ज की हैं।


