लखनऊ अग्निकांड: फ्रीजर में शॉर्ट सर्किट से भड़की थी आग, जांच में बड़ा खुलासा

लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड की जांच में आग लगने की वजह सामने आ गई है। अग्निशमन विभाग की प्रारंभिक जांच के अनुसार, इमारत में संचालित पेट शॉप के वेयरहाउस में रखे फ्रीजर में हुए शॉर्ट सर्किट से आग की शुरुआत हुई। इसके बाद लपटें तेजी से बैनर, होर्डिंग और भवन के अन्य हिस्सों में फैल गईं, जिससे कुछ ही देर में पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई।

तीन दिन तक चली जांच के बाद दमकल विभाग ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर विशेष जांच दल (एसआईटी) को सौंप दी है। रिपोर्ट के अनुसार, आग फैलने के दौरान एसी के कंप्रेसर और आउटडोर यूनिट में विस्फोट हुए। वहीं, इमारत के नीचे खड़ी तीन मोटरसाइकिलों के फ्यूल टैंक फटने से आग और अधिक भड़क गई।

जांच में भवन में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी भी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इमारत के पास फायर एनओसी नहीं थी और न ही स्मोक सेंसर समेत आवश्यक अग्निशमन उपकरण लगाए गए थे। विभाग ने भवन में संचालित संस्थानों और आग फैलने की पूरी घटनाक्रम का भी रिपोर्ट में उल्लेख किया है।

उल्लेखनीय है कि इस दर्दनाक अग्निकांड में 15 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें अधिकांश एनिमेशन सेंटर के छात्र थे। घटना के बाद गठित एसआईटी अब सभी पहलुओं की जांच कर अंतिम रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post