वाराणसी: कैंट थाना क्षेत्र के नदेशर निवासी एक परिवार ने स्थानीय पुलिस पर शिकायत की सुनवाई न करने का आरोप लगाते हुए एडीजी वाराणसी जोन कार्यालय में गुहार लगाई है।पीड़िता राजकुमारी देवी के अनुसार, संपत्ति विवाद को लेकर 7 जून को संतोष सेठ नामक व्यक्ति ने उनके मकान में घुसकर कई कमरों में ताला लगा दिया। परिवार का आरोप है कि घटना की शिकायत संबंधित चौकी और पुलिस अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस से राहत न मिलने पर परिवार के करीब 25 सदस्य एडीजी कार्यालय पहुंचे और मामले में निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की। इसके बाद परिवार ने पुलिस कमिश्नर वाराणसी से भी मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई।अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

