तीन करोड़ की कथित ठगी मामले में गांडीव समाचार पत्र से जुड़े तीन लोग गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

वाराणसी। चौक थाना पुलिस ने करीब तीन करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए गांडीव समाचार पत्र के प्रबंधन से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मीरा अरोड़ा, उनकी बेटी एवं समाचार पत्र की स्वत्वाधिकारी रचना अरोड़ा तथा मुद्रक-प्रकाशक राजकुमार बाजपेई शामिल हैं। वहीं, मामले में नामजद सोनम अग्रवाल और कनिका मोहले की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, चौक क्षेत्र के साड़ी कारोबारी आनंद कृष्ण अग्रवाल की तहरीर पर 10 जून को मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने संपत्ति की वास्तविक स्थिति छिपाकर कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये की रकम हासिल कर ली। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी दी।

Advertisement
एफआईआर के मुताबिक, नील कॉटेज कॉलोनी स्थित ‘बरकत भवन’ नामक मकान का सौदा 3.20 करोड़ रुपये में तय हुआ था। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने 1.50 करोड़ रुपये चेक और आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान किए, जबकि शेष लगभग डेढ़ करोड़ रुपये नकद दिए थे। आरोप है कि विक्रेताओं ने मकान को बैंक के बंधक से मुक्त कराकर जल्द बैनामा कराने का भरोसा दिया था।
Advertisement

हालांकि, बाद में नगर निगम के अभिलेखों की जांच के दौरान शिकायतकर्ता को पता चला कि संबंधित भवन रक्षा मंत्रालय की संपत्ति है, जिसका निजी तौर पर क्रय-विक्रय संभव नहीं है। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।मामले की जांच के बाद पुलिस ने मीरा अरोड़ा, रचना अरोड़ा और राजकुमार बाजपेई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं, फरार नामजद आरोपी सोनम अग्रवाल और कनिका मोहले की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।मामले की पुष्टि करते हुए एसीपी चेतगंज डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत के आधार पर विवेचना की गई, जिसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।




Post a Comment

Previous Post Next Post