लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश अब केवल आस्था का केंद्र नहीं रह गया है, बल्कि पर्यटन के क्षेत्र में भी तेजी से उभर रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी गति मिल रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर्यटन क्षेत्र को और अधिक मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की पर्यटन नीति में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे, ताकि निवेश को बढ़ावा मिले और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और विरासत स्थलों के विकास के साथ-साथ पर्यटन से जुड़े बुनियादी ढांचे को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। इससे प्रदेश में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ी है, जिसका सीधा लाभ स्थानीय कारोबार, होटल उद्योग, परिवहन और अन्य सेवा क्षेत्रों को मिल रहा है।उन्होंने विश्वास जताया कि नई नीतिगत पहल और निवेश के माध्यम से उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को और अधिक मजबूती मिलेगी।


