वाराणसी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दून एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान लाखों रुपये मूल्य के कछुए बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद वन्यजीव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने दून एक्सप्रेस में सघन जांच अभियान चलाया। तलाशी के दौरान ट्रेन से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के कछुए बरामद किए गए। हालांकि पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए।
जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक, बरामद कछुओं को जौनपुर क्षेत्र से बिहार ले जाया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि तस्कर इन कछुओं को अवैध तरीके से अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में थे।पुलिस के अनुसार, कछुओं का उपयोग अवैध रूप से दवा निर्माण और अन्य गतिविधियों में किए जाने की जानकारी सामने आई है। बरामद कछुओं को सुरक्षित संरक्षण में रखकर संबंधित विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
फिलहाल जीआरपी और आरपीएफ की टीम फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।


