पुणे की एक हाई-एंड हाउसिंग सोसाइटी में पानी की खराब गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। करोड़ों रुपये कीमत वाले फ्लैट्स वाली इस सोसाइटी में नलों से भूरा और मटमैला पानी आने की शिकायत सामने आई है, जिससे निवासियों में नाराजगी बढ़ गई है।यह मामला तब चर्चा में आया जब ‘डील्स धमाका’ के संस्थापक विनीत के ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गंदे पानी की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने दावा किया कि सोसाइटी में हर साल पानी के टैंकरों पर लगभग 70 लाख रुपये खर्च किए जाते हैं, इसके बावजूद साफ पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
वायरल तस्वीरों में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि नल से निकलने वाला पानी भूरा और गंदा है। इसे लेकर स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी जताई जा रही हैं, क्योंकि ऐसे पानी के इस्तेमाल से जलजनित बीमारियों और त्वचा समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।विनीत ने यह भी सवाल उठाया कि जब महंगी सोसाइटी में यह स्थिति है, तो शहर के अन्य इलाकों में पानी की गुणवत्ता कैसी होगी। उनका कहना है कि यह समस्या केवल एक सोसाइटी तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे शहर में जल प्रबंधन की खामियों को उजागर करती है।पुणे में पहले से ही पानी की किल्लत और अनियमित आपूर्ति को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर शहर की जल व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं।


