दिल्ली में मौसम का कहर, 3 उड़ानों की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग 

राजधानी दिल्ली में मंगलवार देर रात खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण हवाई यातायात प्रभावित हो गया। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने कई विमानों को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी, जिसके परिणामस्वरूप तीन उड़ानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर डायवर्ट करना पड़ा।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, अहमदाबाद से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की उड़ान एआई-532 निर्धारित समय पर दिल्ली में लैंड नहीं कर सकी। इसके बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया, जहां यह रात 12:25 बजे सुरक्षित उतरा। मौसम में सुधार होने के बाद उड़ान रात 2:15 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। वहीं, गुवाहाटी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-1042 भी खराब मौसम के कारण दिल्ली नहीं पहुंच सकी और रात 12:37 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी। मौसम सामान्य होने पर यह उड़ान रात 2:05 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई।

इसके अलावा, चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-2193 को भी डायवर्ट किया गया। यह विमान रात 12:45 बजे लखनऊ पहुंचा और मौसम में सुधार के बाद रात 2:50 बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया।लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, सभी डायवर्ट की गई उड़ानों के यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही संबंधित एयरलाइंस को भी हर संभव सहयोग प्रदान किया गया। अधिकारियों ने बताया कि मौसम सामान्य होने के बाद सभी उड़ानों को उनके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। हालांकि, खराब मौसम के कारण यात्रियों को कुछ समय तक असुविधा का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन ने स्थिति पर लगातार नजर रखी और उड़ानों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post