उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार सुबह एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने तिवारीपुर थाना क्षेत्र के इलाहीबाग स्थित माई धीया गड़ही मोहल्ले में रहने वाले एक पेंट कारोबारी के घर छापेमारी की। सुबह करीब पांच बजे पुलिस बल के साथ पहुंची ATS ने घर और उसके आसपास की घेराबंदी कर दी। इसके बाद टीम ने कई घंटों तक घर के हर कमरे की बारीकी से तलाशी ली।
जांच के दौरान घर में मौजूद मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की गई। कार्रवाई के दौरान परिवार के सदस्यों को घर से बाहर जाने और बाहरी लोगों को अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई। वहीं, स्थानीय पुलिस पूरे समय घर के बाहर तैनात रही और इलाके में आने-जाने वालों पर नजर रखती रही।
![]() |
| Advertisement |
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई कथित तौर पर अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध लेन-देन और डिजिटल गतिविधियों के इनपुट के आधार पर की गई है। बताया जा रहा है कि जांच टीम कुछ इलेक्ट्रॉनिक सामग्री और दस्तावेज अपने साथ भी ले गई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
![]() |
| Advertisement |
छापेमारी की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। फिलहाल ATS और पुलिस अधिकारियों ने छापेमारी की वजह या बरामदगी के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
![]() |
| Advertisement |



