सहारनपुर में 14 साल पुरानी लव मैरिज का खौफनाक अंत, पति ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र स्थित छुटमलपुर की दलित कॉलोनी में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घरेलू विवाद के चलते मायके में रह रही 35 वर्षीय मीनू की उसके पति सनी ने कथित तौर पर घर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। घटना के समय घर के अन्य सदस्य काम पर गए हुए थे, जिससे आरोपी को वारदात का मौका मिल गया। हत्या के बाद वह मौके से फरार हो गया।

मृतका मीनू ने करीब 14 वर्ष पहले रजापुर निवासी सनी से प्रेम विवाह किया था। दोनों अलग-अलग समुदायों से थे और शुरुआत में परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे, लेकिन बाद में उन्होंने विवाह को स्वीकार कर लिया था। शादी के बाद उनके चार बच्चे हुए। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था, जिसके चलते मीनू अपने मायके में रह रही थी। परिजनों के अनुसार, दो दिन पहले भी सनी ससुराल पहुंचा था और दोनों के बीच विवाद हुआ था।

Advertisement

बुधवार दोपहर सनी दोबारा मीनू के मायके पहुंचा। दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने कथित तौर पर चाकू निकालकर मीनू पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण मीनू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

Advertisement

परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह घरेलू कलह सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चार मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Advertisement


 

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post