फर्रुखाबाद में अग्निवीर अभ्यर्थी की दौड़ के दौरान मौत, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा कारण स्पष्ट

फर्रुखाबाद में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे 21 वर्षीय अभ्यर्थी की बुधवार सुबह दौड़ के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम की है, जहां अभ्यास के दौरान युवक अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। साथियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। मौत के कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।मृतक की पहचान राजेपुर थाना क्षेत्र के शेराखार गांव निवासी शिवनारायण के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। परिजनों के अनुसार, उसने अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा पास कर ली थी और फिजिकल टेस्ट की तैयारी कर रहा था।

बताया गया कि बुधवार सुबह करीब 7 बजे शिवनारायण स्टेडियम में दौड़ और शारीरिक अभ्यास कर रहा था। दौड़ लगभग पूरी होने वाली थी, तभी वह अचानक गश खाकर गिर पड़ा। उसके साथियों ने उसे संभालने की कोशिश की, चेहरे पर पानी के छींटे मारे और सीपीआर भी दिया, लेकिन उसे होश नहीं आया। इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

Advertisement

परिजनों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण गांव की सड़कें जलमग्न थीं, इसलिए शिवनारायण पिछले छह दिनों से घर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में दौड़ का अभ्यास करने जा रहा था।अस्पताल में बेटे का शव देखकर उसकी मां बेहोश हो गईं, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। शिवनारायण के पिता गुजरात के सूरत में निजी नौकरी करते हैं।

Advertisement

थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि युवक को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी। 

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post