धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस ने जताया हर्ष, शहीद छात्रों को दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से लहुराबीर स्थित आजाद पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया।  कांग्रेसजनों ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद मोमबत्तियां जलाकर NEET, CBSE और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं व पेपर लीक से उत्पन्न परिस्थितियों में जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि दी गई और दो मिनट का मौन रखा गया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर छात्रों और युवाओं ने लगातार संघर्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया गया। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र, संविधान और छात्रों के संघर्ष की जीत बताया।

Advertisement

उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा संघर्ष का अंत नहीं, बल्कि न्याय की दिशा में पहला कदम है। कांग्रेस की मांग है कि NEET, CBSE समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज मुकदमे वापस लेने की भी मांग की गई।

Advertisement

कार्यक्रम में प्रजानाथ शर्मा, संजीव सिंह, फसाहत हुसैन बाबू, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, गुलशन अली समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Advertisement


Post a Comment

Previous Post Next Post