बेटे से विवाद के बाद वृद्ध की संदिग्ध मौत, छत से कूदकर जान देने की आशंका

वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र के केसरीपुर गांव में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का शव शनिवार सुबह घर की चहारदीवारी के अंदर आंगन में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान बलिया के सिकंदरपुर निवासी विनय के रूप में हुई है। वह केसरीपुर में दरोगा नामक व्यक्ति के मकान में किराए पर रहकर मजदूरी करता था। पत्नी मनुजा के अनुसार, विनय शराब का आदी था और देर रात घर से बाहर निकला था। बाद में उसका शव घर के पास मिला।

Advertisement

शुरुआत में परिजनों ने घटना को हादसा बताते हुए दावा किया कि रात में छत पर सोते समय विनय का पैर फिसल गया, जिससे वह नीचे गिर गया। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि दो दिन पहले शराब पीने को लेकर विनय का अपने छोटे बेटे से विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान बेटे ने उसकी पिटाई भी की थी, जिसके निशान उसके शरीर पर दिखाई दे रहे थे।

Advertisement

ग्रामीणों के मुताबिक, मारपीट के बाद विनय काफी परेशान था और इसी कारण उसने छत से कूदकर आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।विनय के परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post