फतेहपुर: दिल्ली के बाद यूपी में Gen-Alpha का प्रदर्शन, छात्रों की अधिकांश मांगें कुछ घंटों में मानी गईं

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के किशनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले नौवीं से 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने स्कूल की बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में कक्षाओं का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। छात्रों ने बिजली, पंखे, शुद्ध पेयजल, डेस्क-बेंच, मिड-डे मील और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर स्कूल परिसर से बाहर निकलकर नारेबाजी की। कई छात्रों ने हाथों में डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर और मांगों वाले पोस्टर भी लिए हुए थे। 

छात्रों का आरोप था कि स्कूल में लंबे समय से बिजली और पंखों की व्यवस्था नहीं है, जिससे उमस और गर्मी में पढ़ाई करना मुश्किल हो जाता है। पीने के लिए साफ पानी उपलब्ध नहीं है, बैठने के लिए पर्याप्त डेस्क-बेंच नहीं हैं और मिड-डे मील की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं है। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उन्हें फेल करने की धमकी दी जाती है और प्रधानाचार्य का व्यवहार भी ठीक नहीं है। 

Advertisement

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग हरकत में आया। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) राकेश कुमार ने मौके पर हस्तक्षेप करते हुए छात्रों की अधिकांश मांगें स्वीकार कर लीं। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक कक्षा में अगले दिन तक चार-चार पंखे लगाए जाएंगे, बिजली की वायरिंग दुरुस्त कराई जाएगी, एक महीने के भीतर डेस्क-बेंच उपलब्ध कराई जाएंगी, स्कूल में आरओ वाटर कूलर लगाया जाएगा और मिड-डे मील के मेन्यू में भी सुधार किया जाएगा। 

Advertisement

हालांकि छात्रों की साइंस क्लास शुरू कराने की मांग तत्काल पूरी नहीं हो सकी। अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए प्रयोगशाला और आवश्यक मान्यता की जरूरत होगी, इसलिए इस पर बाद में कार्रवाई की जाएगी। बाकी मांगों का लिखित आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया और खुशी जताई।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post