इंश्योरेंस के नाम पर 12.5 लाख की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार

पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की साइबर क्राइम पुलिस ने इंश्योरेंस पॉलिसी का प्रीमियम भरने, अपडेट कराने और लाभ दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए गैंग के सरगना सहित पांच शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, नकदी और एक चारपहिया वाहन बरामद किया है।जानकारी के अनुसार, 11 मई 2026 को वाराणसी निवासी एक व्यक्ति (काल्पनिक नाम जीशान) द्वारा साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने स्वयं को इंश्योरेंस कंपनी का कर्मचारी/अधिकारी बताकर झांसे में लेकर लगभग 12.5 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली। इस पर साइबर क्राइम थाना वाराणसी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त अपराध तथा अपर पुलिस उपायुक्त अपराध के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर सुरागरसी के बाद कार्रवाई करते हुए दिल्ली से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, आरोपी इंश्योरेंस पॉलिसी धारकों का डेटा हासिल कर उन्हें फोन करते थे और स्वयं को कंपनी का अधिकारी बताकर प्रीमियम अपडेट, लाभ बढ़ाने या क्लेम दिलाने का झांसा देते थे। इसके बाद फर्जी खातों और लिंक के माध्यम से पैसे ट्रांसफर कराकर ठगी की जाती थी, जिन्हें आगे विभिन्न माध्यमों से निकाल लिया जाता था।गिरफ्तार आरोपियों में शिव कुमार गौतम (गैंग सरगना), अमन कुमार, विष्णु कुमार, राहुल कुमार और आलोक सिंह शामिल हैं, जो सभी दिल्ली क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक आईफोन, पांच एंड्रॉयड मोबाइल, 65 हजार रुपये नकद और एक चारपहिया वाहन बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से अन्य मामलों और नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।


Advertisement 


Advertisement 

Advertisement 






Post a Comment

Previous Post Next Post